ग्राम बोड़तरा में प्रस्तावित ईश्वर मेटालिक के स्पंज आयरन प्लांट के खिलाफ फूटा जनआक्रोश

Follow Us

ग्रामीणों का आरोप बोड़तरा की 100 एकड़ की चारागाह (निस्तारी) जमीन और 15 एकड़ में फैले ऐतिहासिक बांध पर है

भाटापारा। भाटापारा शहर सीमा से लगभग 4 किमी दूर ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम बोड़तरा, मझगाँव और बोरसी की सीमा पर प्रस्तावित स्पंज आयरन व स्टील प्लांट सहित कुल 7 औद्योगिक परियोजनाओं के लिए शुक्रवार को पर्यावरण की जन सुनवाई के दौरान लगभग आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के ग्रामीणों ने जनसुनवाई के दौरान प्रस्तावित उद्योग का विरोध किया।इस दौरान महिला पुरुष सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने हाथों में तख्ती लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

विदित हो कि ईश्वर मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा ग्राम बोड़तरा, मझगाँव और बोरसी की सीमा पर प्रस्तावित स्पंज आयरन को लेकर शुक्रवार को जन सुनवाई हुई।इस सुनवाई में पर्यावरण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी, अपर कलेक्टर निशा नेताम ,एस डी एम श्यामा पटेल उपस्थित थे। एक दिन पूर्व दर्ज कराए गये विरोध को देखते हुए जिले के पुलिस अधिकारी भारी संख्या में उपस्थित थे।

इस जनसुनवाई में बोड़तरा, मझगाँव और बोरसी के अलावा दावनबोड़, गाड़ाडीह, खोखली, कुकराचुंदा, टीकूलिया, मोहभट्टा और बनसाँकरा सहित अन्य गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने जनसुनवाई में अपना विरोध दर्ज करते हुए कहा कि कंपनी की नजर उनकी निजी जमीन के बजाय बोड़तरा की 100 एकड़ की चारागाह (निस्तारी) जमीन और 15 एकड़ में फैले ऐतिहासिक बांध पर है जिस पर वह कब्जा करना चाह रही है, वही ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने ग्राम मझगाँव से

फर्जी रूप से एनओसी हासिल कर ली है। ग्रामीणों ने खुले रूप से कहा कि जनसुनवाई की सूचना महज 2-3 दिन पहले दी गई और नियमानुसार उन्हें पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। प्रस्तावित प्रोजेक्ट और क्षेत्र पर मंडराते गंभीर खतरे
कंपनी द्वारा इस क्षेत्र में स्पंज आयरन, स्टील प्लांट, इंडक्शन फर्नेस और रोलिंग मिल जैसी 7 भारी औद्योगिक इकाइयां लगाने किसानों और ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाने पड़ेंगे।बोड़तरा, बोरसी और मझगाँव की लगभग 10 हजार की आबादी इस प्लांट के प्रदूषण और विस्थापन के दायरे में सीधे प्रभावित होगी।

बीजापुर में 29 नवंबर को आयोजित होगा ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल का ऐतिहासिक 100वां संस्करण

प्लांट से निकलने वाली काली राख (Fly Ash) और जहरीले धुएं से आसपास के सैकड़ों एकड़ द्विफसली कृषि खेत बंजर हो जाएंगे।वही स्पंज आयरन प्लांट में रोजाना लाखों लीटर लगने वाले पानी की खपत से क्षेत्र का भूजल स्तर पूरी तरह गिर जाएगा। साथ ही वायु और जल प्रदूषण से ग्रामीणों में दमा, फेफड़े और त्वचा संबंधी जानलेवा बीमारियां फैलने का खतरा है।

बहरहाल जनसुनवाई निर्धारित समय पश्चात पूर्ण हो गई और अधिकारीगण वापस हो गए।फिलहाल अधिकारियों ने इस विषय पर कुछ कहा नहीं है और आगे देखना होगा कि शासन को उपस्थित अधिकारीगण अपनी क्या रिपोर्ट प्रस्तुत करते है,उक्त रिपोर्ट का ग्रामीणों को इंतजार है। ग्रामीणों ने कहा है कि विरोध लगातार जारी रहेगा। ग्रामीणों ने बारी-बारी से माइक में बोलकर अपना विरोध दर्ज कराया और लिखित में भी विरोध प्रकट किया है। मामले में अधिकारियों ने कुछ भी नहीं बोला और निकल गए। खास बात यह रही कि भाजपा के बड़े नेता इस जनसुनवाई से अपने आप को दूर रखें जो चर्चा का विषय रहा।