0 अब आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को मिलेगी सुविधा, धान बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा
जशपुरनगर। जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम चम्पा में किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। यहां नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू किया गया है। गुरुवार को जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। नए खरीदी केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है।
चम्पा और आसपास के गांवों के किसान लंबे समय से अपने क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में इस मांग को पूरा किया गया है। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय और परिवहन खर्च की बचत होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर ही धान बिक्री की सुविधा उपलब्ध होगी।
स्वदेशी अपनाना केवल विकल्प नहीं, यह देश के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का संकल्प है – साव
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और धान बिक्री के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चम्पा में नया खरीदी केंद्र शुरू होने से आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर आनंद यादव, रूपावती, जुगनू यादव, हरिशंकर यादव, बालरूप यादव, सरजू यादव, काजल, बलवंत गुप्ता, जितेंद्र ताम्रकार, मनोज भगत, सरपंच अल्का नाग, एकम्बा की सरपंच सुखमनिया बाई और इलियास सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसानों ने नवीन धान खरीदी केंद्र की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री और विधायक के प्रति आभार जताया।
