सर्दियों के मौसम में गर्मागर्म और स्वादिष्ट खाने का मजा ही अलग होता है। खासकर शाम के समय ठंडी हवाओं के बीच एक कटोरी गर्म सूप मिल जाए, तो दिनभर की थकान भी कम महसूस होती है। ऐसे में वेजिटेबल सूप एक अच्छा विकल्प है। यह हल्का होने के साथ-साथ कई जरूरी पोषक तत्वों से भी भरपूर होता है। खास बात यह है कि हेल्दी सूप बनाने के लिए महंगी सामग्री की जरूरत नहीं होती। घर में मौजूद गाजर, टमाटर, पालक, मटर, पत्तागोभी और बीन्स जैसी सब्जियों से कई तरह के स्वादिष्ट सूप बनाए जा सकते हैं। अगर आप भी रोजाना एक जैसा सूप पीकर बोर हो गई हैं, तो इस सर्दी ये 5 आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें।
1. मिक्स वेजिटेबल सूप
० सर्दियों में कई सब्जियों से मिलकर बना मिक्स वेजिटेबल सूप स्वाद और पोषण दोनों के लिहाज से अच्छा विकल्प है।
० सामग्री: गाजर, बीन्स, मटर, पत्तागोभी, प्याज, लहसुन, काली मिर्च, नमक और थोड़ा मक्खन।
बनाने का तरीका- सबसे पहले सभी सब्जियों को बारीक काट लें। अब एक पैन में थोड़ा मक्खन गर्म करके प्याज और लहसुन भूनें। इसमें कटी हुई सब्जियां डालकर कुछ मिनट पकाएं। इसके बाद पानी, नमक और काली मिर्च मिलाकर सब्जियों के नरम होने तक उबालें। तैयार सूप में ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें।
2. टमाटर का सूप
० अगर आपको हल्का खट्टा और चटपटा स्वाद पसंद है, तो टमाटर का सूप बेहतरीन विकल्प है। इसे बच्चे और बड़े सभी पसंद कर सकते हैं।
० सामग्री- 4-5 पके टमाटर, एक छोटा प्याज, लहसुन की 2 कलियां, काली मिर्च, नमक और थोड़ा मक्खन।
बनाने का तरीका- टमाटर को काटकर प्याज और लहसुन के साथ उबाल लें। ठंडा होने पर मिक्सर में पीसकर प्यूरी तैयार करें। अब पैन में मक्खन गर्म करके प्यूरी डालें। जरूरत के अनुसार पानी, नमक और काली मिर्च मिलाएं। कुछ मिनट उबालने के बाद सूप छान लें। तैयार टमाटर सूप को ब्रेड क्रूटॉन्स के साथ परोसें।
3. पालक का सूप
सर्दियों में ताजा पालक आसानी से मिल जाता है। हरी सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल करने के लिए पालक का सूप अच्छा तरीका हो सकता है।
सामग्री – एक कप पालक, एक छोटा प्याज, लहसुन, थोड़ा अदरक, नमक, काली मिर्च और पानी।
बनाने का तरीका- सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धोकर उबाल लें। अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके प्याज, अदरक और लहसुन भूनें। इसमें उबला हुआ पालक डालकर कुछ देर पकाएं। मिश्रण ठंडा होने पर मिक्सर में पीस लें। अब इसे दोबारा पैन में डालकर जरूरत के अनुसार पानी, नमक और काली मिर्च मिलाएं। 3-4 मिनट पकाने के बाद गर्मागर्म सर्व करें।
4. स्वीट कॉर्न वेजिटेबल सूप
अगर आप कुछ अलग और हल्के मीठे स्वाद वाला सूप पीना चाहते हैं, तो स्वीट कॉर्न वेजिटेबल सूप जरूर बनाएं। इसमें दूसरी सब्जियां मिलाकर स्वाद और पोषण बढ़ाया जा सकता है।
सामग्री- आधा कप स्वीट कॉर्न, गाजर, बीन्स, पत्तागोभी, काली मिर्च, नमक और थोड़ा कॉर्नफ्लोर।
बनाने का तरीका- सबसे पहले स्वीट कॉर्न को उबाल लें। आधे कॉर्न को हल्का पीस लें और बाकी साबुत रखें। अब पैन में कटी हुई सब्जियों को थोड़ा भूनें। इसमें पानी, साबुत कॉर्न और पिसा हुआ कॉर्न मिलाएं। थोड़े पानी में कॉर्नफ्लोर घोलकर सूप में डालें। नमक और काली मिर्च मिलाकर कुछ मिनट पकाएं। आपका स्वादिष्ट स्वीट कॉर्न वेजिटेबल सूप तैयार है।
5. गाजर और चुकंदर का सूप
अगर आप रोजाना के सूप में नया रंग और स्वाद जोड़ना चाहते हैं, तो गाजर और चुकंदर का सूप ट्राई करें। इसका आकर्षक रंग और सब्जियों के पोषक तत्व इसे खास बनाते हैं।
सामग्री- एक गाजर, आधा चुकंदर, एक छोटा प्याज, अदरक, काली मिर्च और नमक।
बनाने का तरीका- गाजर और चुकंदर को छोटे टुकड़ों में काटकर उबाल लें। अब प्याज और अदरक को हल्का भूनें। उबली हुई सब्जियों के साथ इसे मिक्सर में पीसकर प्यूरी बना लें। मिश्रण को पैन में डालकर जरूरत के अनुसार पानी मिलाएं। नमक और काली मिर्च डालकर 4-5 मिनट पकाएं। आपका स्वादिष्ट और रंगीन सूप तैयार है।
सूप को ज्यादा हेल्दी बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
० सूप बनाने के लिए हमेशा ताजी और मौसमी सब्जियों का इस्तेमाल करें।
० बहुत ज्यादा मक्खन, क्रीम और नमक डालने से बचें।
० स्वाद बढ़ाने के लिए अदरक, लहसुन, काली मिर्च और हरा धनिया इस्तेमाल करें।
० सब्जियों को जरूरत से ज्यादा न पकाएं, ताकि उनका स्वाद और पोषक तत्व बेहतर बने रहें।
० सूप को पौष्टिक बनाने के लिए इसमें अपनी पसंद की अलग-अलग सब्जियां शामिल करें।
इस सर्दी रोजाना एक जैसा सूप पीने के बजाय इन पांच अलग-अलग रेसिपी को अपनी डाइट में शामिल करें। ये बनाने में आसान हैं और शाम के नाश्ते से लेकर हल्के डिनर तक के लिए स्वादिष्ट विकल्प बन सकते हैं।
