रायपुर। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पश्चिम क्षेत्र पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों की पहचान कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अड्डेबाजी करने वाले लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को विशेष न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
ब्लू वॉटर में डूबे आदिल खान का 77 घंटे बाद मिला शव, तीन दिन से चल रहा था सर्च ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, मुजगहन थाना क्षेत्र में एक मामले में दो लोगों, न्यू राजेंद्र नगर में एक मामले में एक व्यक्ति, टिकरापारा में दो मामलों में दो लोगों, पुरानी बस्ती में दो मामलों में दो लोगों और डीडी नगर थाना क्षेत्र में पांच मामलों में पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस तरह पश्चिम क्षेत्र पुलिस ने कुल 11 प्रकरणों में 12 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बदमाशों, अड्डेबाजों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
