रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में कांग्रेस ने जनता के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक लगातार संघर्ष किया है। दीपक बैज ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। मंडल, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया गया तथा संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि आगे भी सामूहिक नेतृत्व के साथ संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
भाजपा द्वारा कांग्रेस की कार्यकारिणी के गठन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि संगठन की जहां भी कमजोर कड़ियां हैं, उन्हें मजबूत करने का काम किया जाएगा। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए दीपक बैज ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बिजली के दाम पांच बार बढ़ाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर सोलर पैनल के जरिए सस्ती या मुफ्त बिजली की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सोलर ऊर्जा को कम कीमत पर खरीदकर उपभोक्ताओं को महंगी दरों पर बिजली बेच रही है।
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के जरिए पार्टी इस मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करेगी।
