करगीरोड कोटा। भगवान परशुराम जन्मोत्सव आज पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। ब्राह्मण समाज द्वारा शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह शोभायात्रा रेलवे स्टेशन से शुरू होकर शिव मंदिर नाका चौक तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान भक्ति गीत, मंत्रोच्चार और धार्मिक माहौल लोगों को आकर्षित करेगा। आयोजन समिति ने पुरुषों के लिए पीला, लाल या सफेद परिधान निर्धारित किया है, जबकि महिलाओं को अपनी सुविधा अनुसार वस्त्र पहनने की छूट दी गई है।
समाज के प्रबुद्धजनों ने शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और अनुशासित रखने की अपील की है, साथ ही बिना किसी अस्त्र-शस्त्र के शामिल होने का निर्देश दिया गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर इसे महोत्सव का रूप देने का आग्रह किया है। शोभायात्रा के समापन पर भगवान परशुराम की महाआरती और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।
