जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ व्यापमं द्वारा आज 19 अप्रैल को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6,664 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। प्रवेश से पहले सभी की फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पहले, यानी सुबह 10:30 बजे, केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
ड्रेस कोड को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा, जबकि गहरे रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा, इसलिए उन्हें और पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। साथ ही, परीक्षा केंद्र में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी जैसे किसी भी सामान को ले जाने पर सख्त पाबंदी रहेगी। केवल काले या नीले बॉल पेन की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर अभ्यर्थिता रद्द कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
