अरब सागर में पाकिस्तानी कार्गो विमान हादसा: मलबा बरामद, 5 क्रू मेंबर्स की तलाश जारी

Follow Us

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के लिए एक बड़ी विमानन दुर्घटना सामने आई है। संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहा K2 एयरवेज का बोइंग 737 कार्गो विमान अरब सागर में लापता होने के बाद दुर्घटनाग्रस्त पाया गया। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) ने पुष्टि की है कि विमान का मलबा बलूचिस्तान के ओरमारा तट से करीब 53 नॉटिकल मील दक्षिण में बरामद कर लिया गया है।

बताया जा रहा है कि करीब 27 साल पुराना यह कार्गो विमान मंगलवार रात उड़ान के दौरान नेविगेशन सिस्टम में खराबी आने के बाद रडार और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संपर्क से बाहर हो गया था। इसके बाद राहत एवं बचाव एजेंसियों ने अरब सागर में लगभग 12 घंटे तक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान विमान के मलबे का पता लगाया गया।

विमान में सवार सभी पांच क्रू मेंबर पाकिस्तानी नागरिक थे। फिलहाल उनकी तलाश युद्धस्तर पर जारी है और अब तक किसी के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान उसी क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जहां उसका अंतिम संपर्क ATC से टूटा था। पाकिस्तानी अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। विमानन विशेषज्ञ भी इस हादसे को गंभीर सुरक्षा चुनौती मान रहे हैं।