106 रनों पर ऑलआउट हुई पाकिस्तान टीम,दीप्ती ने झटके 5 विकेट

Follow Us

बर्मिंघम।स्मृति मंधाना की तूफानी बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा-श्री चरणी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए ग्रुप-1 मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं, शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली। भारत ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।

मंधाना-हरमनप्रीत ने संभाली पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को तेज शुरुआत मिली। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन वह छह रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और भारत ने 18 रन तक दो विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए।

मंधाना के आउट होने के बाद भारती फुलमाली भी जल्दी पवेलियन लौट गईं, लेकिन अंतिम ओवरों में ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने तेजी से रन बटोरते हुए स्कोर को 170 तक पहुंचाया। ऋचा घोष ने मात्र 17 गेंदों पर 34 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। दीप्ति शर्मा नौ गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने दो-दो विकेट लिए।