०जिले के 60 उपार्जन केंद्रों में होगी धान खरीदी, किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष बनाए गए हैं 6 नए केंद्र
०तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे बुक कर सकेंगे टोकन, छोटे एवं सीमांत किसानों को दी गई प्राथमिकता
सूरजपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सूरजपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर से हो गया है। खरीदी के पहले दिन जिले के 24 उपार्जन केंद्रों में किसानों से धान की खरीदी की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा खरीदी केंद्रों में पहुंचकर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया।
इस वर्ष जिले के कुल 60 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। किसानों को अपनी उपज बेचने में अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा 6 नए धान खरीदी केंद्र भी बनाए गए हैं। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
किसानों को घर बैठे मिलेगा टोकन
किसानों की सुविधा के लिए राज्य शासन द्वारा ‘तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन जारी करने की व्यवस्था की गई है। इसके जरिए पंजीकृत किसान घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन टोकन की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिससे किसानों को उपार्जन केंद्रों में लंबी कतारों में लगने और टोकन के लिए बार-बार समिति के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। किसान गूगल प्ले स्टोर से तुंहर टोकन ऐप डाउनलोड कर अपनी सुविधानुसार धान विक्रय की तारीख का चयन कर टोकन बुक कर सकते हैं।
छोटे और सीमांत किसानों को मिलेगी प्राथमिकता
टोकन आवंटन के लिए उपार्जन केंद्रों की दैनिक खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा शेष 30 प्रतिशत टोकन सहकारी समितियों के माध्यम से ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं। लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में 80 प्रतिशत टोकन छोटे एवं सीमांत किसानों तथा 20 प्रतिशत टोकन बड़े किसानों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
नियमानुसार 2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 1 टोकन, 2 से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 2 टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन जारी किए जाने का प्रावधान है। निर्धारित खरीदी सीमा के तहत पात्र किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।
मोबाइल नंबर और आधार विवरण अद्यतन रखने की अपील
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जिले के सभी पंजीकृत किसानों से अपना मोबाइल नंबर और आधार विवरण अद्यतन रखने की अपील की गई है। किसानों से निर्धारित समय-सीमा से पूर्व तुंहर टोकन मोबाइल ऐप का उपयोग कर अपना टोकन सुरक्षित करने का आग्रह किया गया है।
ऑनलाइन टोकन बुकिंग या अन्य किसी तकनीकी समस्या एवं सहायता के लिए किसान विभागीय टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं।
