रायपुर । राजधानी में साइबर ठगी और अमानत में खयानत के मामले सामने आए हैं। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में अज्ञात मोबाइल धारक ने एपीके फाइल भेजकर महिला के दो बैंक खातों से 4.15 लाख रुपये ऑनलाइन निकाल लिए। वहीं खमतराई क्षेत्र में ट्रक चालक पर किराया और कोयले की एडवांस रकम समेत 58,754 रुपये की अमानत में खयानत का आरोप है। राजेंद्र नगर पुलिस ने नशीली प्रतिबंधित दवा नाइट्राजेपाम की 110 गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
० एपीके फाइल डाउनलोड करते ही खातों से निकल गए 4.15 लाख
खम्हारडीह पुलिस के अनुसार, तनजू अग्रवाल निवासी रेहजा रेसिडेंसी, लभांडी के व्हाट्सऐप नंबर पर अज्ञात मोबाइल धारक ने एपीके फाइल भेजी थी। शिकायतकर्ता ने फाइल पर क्लिक किया, जिसके बाद वह डाउनलोड हो गई। इसके बाद उनके दो बैंक खातों से कुल 4,15,529 रुपये ऑनलाइन आहरित कर लिए गए। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
० ट्रक चालक पर 58 हजार की अमानत में खयानत का आरोप
खमतराई थाना क्षेत्र के जय हनुमान ट्रांसपोर्ट, रावांभाठा में ट्रक से सामान ले जाने वाले चालक पर रकम लेकर वापस नहीं करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता शिवसागर मिश्रा के अनुसार आरोपी वाहन चालक ट्रक में पार्टी का सामान लेकर रायपुर से सीधी गया था। ट्रक का किराया और कोयले का एडवांस मिलाकर 23 हजार रुपये, जबकि कुल रकम 58,754 रुपये बताई गई है। आरोप है कि चालक ने यह रकम अमानत में लेकर वापस नहीं की। पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
० निर्माणाधीन मकान से नाइट्राजेपाम की 110 गोलियां बरामद
राजेंद्र नगर पुलिस ने 18 सितंबर की देर रात अम्रपाली कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान से 110 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट बरामद की। जब्त नशीली प्रतिबंधित गोलियों की कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में 21 वर्षीय बिट्टू ध्रुव को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स अधिनियम की धारा 22(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
