तुलिका की पहल पर नव जात को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा,डॉक्टरों की निगरानी में बच्चा

Follow Us

० परिजनों को मिली राहत

दंतेवाड़ा। जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाली जिला पंचायत सदस्य एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तुलिका कर्मा ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवीय पहल का परिचय दिया है। कटेकल्याण ब्लॉक के चिकपाल स्थित पटेलपारा निवासी जितेश और उनकी पत्नी कुम्मे के नवजात बच्चे के जन्मजात गंभीर स्वास्थ्य समस्या से पीडि़त होने की जानकारी मिलने पर तुलिका कर्मा ने तत्काल मदद के लिए पहल की। उनके प्रयासों से नवजात को बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है। जहां उसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। बच्चे की स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं और उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, जितेश और कुम्मे के नवजात बच्चे का जन्म मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में हुआ था। जन्म के समय ही बच्चे में एक गंभीर जन्मजात समस्या सामने आई थी। चिकित्सकीय जांच में पता चला कि नवजात का गुदा द्वार विकसित नहीं है। इस गंभीर स्थिति में बच्चे को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख और विशेष उपचार की आवश्यकता थी। प्रसव के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और परिजन उसे लेकर गांव लौट आए।

गांव पहुंचने के कुछ समय बाद ही बच्चे का पेट फूलने लगा। नवजात की बिगड़ती स्थिति देखकर माता-पिता जितेश और कुम्मे की चिंता बढ़ गई। परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती इतने छोटे बच्चे को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की थी। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन काफी परेशान थे। इसी बीच मामले की जानकारी तुलिका कर्मा तक पहुंची।

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में 77वें संविधान दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन

मामले की गंभीरता को समझते हुए तुलिका कर्मा ने बिना देरी किए बच्चे के बेहतर उपचार के लिए प्रयास शुरू किए। उन्होंने संबंधित लोगों से संपर्क कर नवजात को रायपुर भेजने की व्यवस्था कराने में पहल की। वर्तमान में नवजात को रायपुर में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

तुलिका कर्मा ने कहा कि नवजात की जिंदगी अनमोल है। ऐसे गंभीर मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बच्चे को बेहतर से बेहतर इलाज मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं और उम्मीद है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उसे बेहतर उपचार मिलेगा।

ईयर एंडर 2026 : टी20 विश्व कप का खिताब, छक्कों का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, क्रिकेट के मैदान पर भारत के लिए बेमिसाल रहा यह साल

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से इस पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच करने और जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की। उनका कहना है कि यदि जन्म के समय ही बच्चे में गंभीर समस्या सामने आ गई थी तो परिजनों को उचित चिकित्सकीय सलाह देकर आगे के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों को बेहतर इलाज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।

तुलिका कर्मा की पहल से जितेश और कुम्मे को अपने नवजात बच्चे के बेहतर उपचार की उम्मीद मिली है। फिलहाल पूरा परिवार बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।