कवर्धा। नवरात्रि के अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विभिन्न देवी मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने सबसे पहले कवर्धा स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा की। इसके बाद मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लिया और प्रदेश सहित कबीरधाम जिले की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की। इस दौरान उन्होंने छिरपानी कॉलोनी स्थित मां दुर्गा पंडाल में भी दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की। यहां उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात भी की।
मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने निर्माणाधीन ज्योति कलश भवन का निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने भवन निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस भवन के निर्माण से मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजनों के संचालन और श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नवरात्रि के दौरान मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों का निरीक्षण भी किया गया।

