राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज की सड़क पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ओवरब्रिज में दरारें आने और सड़क धंसने के बाद सांसद संतोष पांडे ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने और दोषी फर्म व अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन और नागपुर मंडल अंतर्गत राजनांदगांव-डोंगरगढ़ रेल मार्ग के बीच ग्राम बरगा, आलीवारा और मुसरा में केंद्र सरकार की गति शक्ति योजना के तहत करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। इसका लोकार्पण जून माह में ही किया गया था, लेकिन जुलाई की पहली बारिश में ही पुल की सड़क खराब हो गई।
सांसद संतोष पांडे ने अधिकारियों को संभावित दुर्घटना को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रेल मंत्री को भेजे पत्र में बताया कि ओवरब्रिज में करीब 60 से 70 फीट लंबी और 15 से 20 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें आ गई हैं, जिसके कारण यह आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं रह गया है। सांसद ने आरोप लगाया कि बारिश का पानी नींव तक पहुंचने से मिट्टी धंसने के कारण पुल को नुकसान पहुंचा है, जो निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है। उन्होंने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराकर दोषी निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

