मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाली एक महिला क्रिकेटर जब अपराध की पिच पर उतरी, तो उसने ब्लैकमेलिंग का ऐसा घातक खेल खेला कि मुंबई का एक बड़ा कारोबारी पूरी तरह बर्बाद होने की कगार पर पहुँच गया। मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक बड़े एक्शन में जम्मू-कश्मीर टी-20 लीग की चर्चित खिलाड़ी फरखंदा खान, उसके भाई बाजिल खान और उनके शातिर साथी उद्दीन इम्तियाज वानी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी दिल्ली के एक आलीशान होटल और श्रीनगर की गलियों से हुई है, जिसने खेल जगत के साथ-साथ पुलिस महकमे को भी हिला कर रख दिया है।
मामला किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। कोलाबा के एक रईस बिजनेसमैन को साल 2024 में फरखंदा ने अपने हुस्न और बातों के जाल में फंसाया। मोबाइल पर शुरू हुई साधारण बातचीत जल्द ही ‘अश्लील चैट’ और निजी वीडियो शेयरिंग तक पहुँच गई। जैसे ही जालसाजों के हाथ में सबूत लगे, क्रिकेटर और उसके भाई ने अपना असली चेहरा दिखा दिया। इमोशनल ब्लैकमेलिंग से शुरू हुआ यह सिलसिला ‘जेल भेजने’ की धमकियों तक जा पहुँचा।
हैरानी की बात यह है कि करीब डेढ़ साल (अप्रैल 2024 से जनवरी 2026) तक यह उगाही का खेल चलता रहा। पीड़ित ने अपनी बदनामी के डर से 32 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 23.61 लाख रुपये लुटा दिए। लेकिन आरोपियों की भूख यहीं खत्म नहीं हुई; उन्होंने स्क्रीनशॉट वायरल करने की धमकी देकर जनवरी 2026 में 40 लाख रुपये की और फिरौती वसूली। कुल मिलाकर साठ लाख से अधिक की रकम डकारने वाला यह गिरोह अब सलाखों के पीछे है। क्राइम ब्रांच इस बात की जांच कर रही है कि, क्या इस ‘ब्यूटी विद डेंजर’ गैंग ने किसी और रईस को भी अपनी गुगली में फंसाया है।
