नयी दिल्ली। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने बेल्जियम के ब्रुसेल्स में चार से पांच सितंबर को होने वाले सीजन की आखिरी एथलेटिक्स प्रयोगिता, डायमंड लीग फ़ाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। नीरज चोपड़ा ने पूरे सीजन में 12 अंक हासिल करके छह खिलाड़ियों वाले फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पोलैंड के डेविड वेग्नर और जर्मनी के रियो 2016 ओलंपिक चैंपियन थॉमस रोहलर, दोनों ने डायमंड लीग जैवलिन थ्रो स्टैंडिंग में 10-10 अंक हासिल किए।
वेग्नर ने गुरुवार को ज्यूरिख डायमंड लीग में तीसरा स्थान हासिल करके छह अंक अर्जित किये, जबकि रोहलर आठवें स्थान पर रहकर एक पॉइंट ही जोड़ पाए; इस तरह दोनों नीरज से दो अंक पीछे रह गए। इस सीजन में पुरुषों के जैवलिन थ्रो इवेंट वाले पांच डायमंड लीग इवेंट में से भारतीय एथलीट ने केवल दो में हिस्सा लिया। जून में दोहा में उन्होंने 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया, और फिर पिछले सप्ताह लॉजेन में अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ 88.05 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इन दो प्रदर्शनों से उन्हें क्रमशः पांच और सात अंक मिले, जो ब्रुसेल्स में उनकी जगह पक्की करने के लिए काफ़ी साबित हुए। हर डायमंड लीग प्रतियोगिता में, जैवलिन थ्रो में शीर्ष आठ खिलाड़ियों को अंक मिलते हैं; विजेता को आठ और आठवें स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को एक अंक मिलता है। सीरीज के अंत में पॉइंट के आधार पर शीर्ष छह खिलाड़ी सीज़न के आखिरी फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई करते हैं; अगर पॉइंट बराबर हों, तो फैसला सीजन के सर्वश्रेष्ठ वैध थ्रो (लीगल मार्क) के आधार पर किया जाता है।
Read more:- प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने
नीरज चोपड़ा ने अब लगातार पांच डायमंड लीग फ़ाइनल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है।उन्होंने 2022 में खिताब जीता था और 2023 से 2025 तक उपविजेता रहे। श्रीलंका के रुमेश थरंगा ने ज्यूरिख डायमंड लीग में 92.07 मीटर के शानदार थ्रो के साथ जीत हासिल की और 39 पॉइंट के साथ स्टैंडिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। नीरज चोपड़ा, जिन्होंने ज्यूरिख इवेंट में हिस्सा नहीं लिया था, पिछले महीने कॉमनवेल्थ गेम्स के खिताब की दौड़ में रुमेश थरंगा से पीछे रह गए थे।
असल में, पिछले साल सितंबर में टोक्यो में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप के बाद से हुई अपनी पिछली चार मुलाकातों में श्रीलंकाई खिलाड़ी नीरज से आगे रहे हैं।
डायमंड लीग फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई करने वाले अन्य एथलीटों में ग्रेनाडा के पूर्व वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स, त्रिनिदाद और टोबैगो के मौजूदा चैंपियन केशोरन वालकॉट, केन्या के ओलंपिक मेडलिस्ट जूलियस येगो और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन शामिल हैं।
