दिल्ली में एनडीए का महामंथन: ‘विकसित भारत 2047’ के रोडमैप पर पीएम मोदी करेंगे सीएम के साथ बड़ी बैठक

Follow Us

नई दिल्ली/पटना। राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एनडीए (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की एक हाई-प्रोफाइल बैठक होने जा रही है। केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए बुलाई गई इस बैठक में बिहार का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र यादव करेंगे। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी के साथ यह पहली बड़ी और औपचारिक बैठक है, जो बिहार के विकास और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

इस महामंथन का मुख्य एजेंडा प्रधानमंत्री का महत्वाकांक्षी अभियान ‘विकसित भारत 2047’ है। बैठक में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में राज्यों की भूमिका, उनके फीडबैक और नई संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके साथ ही, पीएम मोदी जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और पीएम आवास जैसी केंद्रीय फ्लैगशिप योजनाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा करेंगे। बैठक में वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के बीच राज्यों में निवेश बढ़ाने, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी रणनीति बनेगी। इस बैठक के बाद बिहार के नेताओं की केंद्रीय मंत्रियों से अलग मुलाकात की भी संभावना है, जिसमें राज्य की विशेष परियोजनाओं और केंद्रीय सहायता पर बात होगी।