मोरखंडी के जंगल में नक्सल डंप बरामद, हथियार और संचार उपकरण समेत बड़ी मात्रा में सामान जब्त

Follow Us

कांकेर। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत उत्तर बस्तर कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मोरखंडी के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान संयुक्त टीम ने नक्सल डंप का पता लगाकर हथियार, संचार उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार, जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम द्वारा 24 अगस्त 2026 को मोरखंडी क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा बलों को इलाके में नक्सली सामान छिपाए जाने की सूचना मिली। इसके बाद आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली गई, जिसमें डंप से हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामान में 4 भारमार बंदूक, 3 भारमार बंदूक बैरल, 1 वायरलेस सेट, 3 बंडल बिजली वायर, 1 जीपीएस, 1 छोटा सोलर प्लेट और 1 चार्जर शामिल हैं। इसके अलावा नक्सली साहित्य एवं अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। यह अभियान बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के 2आईसी प्रभारी सेनानी सुभाष चंद्र के मार्गदर्शन में चलाया गया।

कार्रवाई में बीएसएफ 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर हनुमान मीणा, उप निरीक्षक मोहित बंसल और बीएसएफ बीडीएस टीम के कमांडर उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा सहित जवानों की भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का संयुक्त सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।