नौतपा की एंट्री से बढ़ी तपिश, अगले 9 दिन झुलसाएगी भीषण गर्मी

Follow Us

रायपुर। प्रदेश में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। सोमवार से नौतपा की शुरुआत होते ही प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 9 दिनों तक भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण दिन का तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है। राजधानी राजधानी समेत प्रदेश के कई शहर रविवार को लू की चपेट में रहे। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोगों को तेज धूप ने बेहाल कर दिया। प्रदेश के कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे ज्यादा गर्मी राजनंदगांव में दर्ज की गई, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

वहीं माना 45 डिग्री, दुर्ग 44.5 डिग्री, बेमेतरा 44.3 डिग्री और बिलासपुर 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। जांजगीर-चांपा, जगदलपुर, रायगढ़ और कोरबा में भी तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में सोमवार को आसमान साफ रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सावधानी बरतने की सलाह दी है।