श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए भारी तबाही मचा दी। महज एक घंटे के अंदर बादल फटने की दो घटनाओं से पहलगाम और शांगस इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बहाव के साथ आए पानी, मलबे और पत्थरों ने कई घरों, होटलों, रिसॉर्ट्स और खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। पहली घटना शांगस के चटरगुल इलाके के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां बादल फटने के बाद आरिपथ नाले में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया। देखते ही देखते कीचड़ और मलबा रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया, जिससे सेब के बागों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा।
इसके करीब एक घंटे बाद पहलगाम के ओवेरा क्षेत्र में दूसरी बार बादल फटा। अचानक आई बाढ़ का पानी कई होटलों और स्थानीय घरों में घुस गया, जिससे पर्यटकों और लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। आपदा टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात हैं और मलबा हटाने का काम जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
