नासिक TCS केस: निदा खान की कोर्ट में पेशी आज, ‘ब्रेनवॉश’ के लिए भेजे थे 171 लिंक्स, मोबाइल खोलेगा बड़ा राज

Follow Us

नासिक। महाराष्ट्र के चर्चित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण मामले में आज का दिन बेहद निर्णायक है। मुख्य आरोपी निदा खान की पुलिस हिरासत आज समाप्त हो रही है, जिसके चलते उसे नासिक रोड कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस हाई-प्रोफाइल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पिछली सुनवाई में कोर्ट रूम को पूरी तरह खाली करा लिया गया था। पुलिस आज कोर्ट को बताएगी कि तीन दिनों की गहन पूछताछ में क्या नए खुलासे हुए हैं और क्या उसे आगे की कस्टडी की जरूरत है।

जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि निदा खान ने पीड़ित का ब्रेनवॉश करने के लिए उसे 171 धार्मिक लिंक्स भेजे थे। एसआईटी (SIT) प्रमुख संदीप मिटके की टीम ने निदा के मोबाइल को जब्त कर लिया है, जिससे कई बड़े राज खुलने की उम्मीद है। साथ ही, एआईएमआईएम (AIMIM) पार्षद मतीन पटेल से आर्थिक मदद मिलने के संदेह पर भी जांच जारी है। पुलिस निदा को उसके घर और TCS ऑफिस ले जाकर ‘स्पॉट पंचनामा’ भी कर चुकी है, ताकि सबूतों की कड़ी जोड़ी जा सके।

आज न केवल निदा की पेशी होगी, बल्कि मामले के सात अन्य आरोपियों की जमानत याचिका पर भी सुनवाई होनी है। इनमें कंपनी की ऑपरेशन मैनेजर अश्विनी चेनानी समेत दानिश शेख, तौसिफ अत्तार और अन्य शामिल हैं। आरोपियों पर यौन उत्पीड़न के साथ-साथ धार्मिक भावनाएं भड़काने और धर्मांतरण के गंभीर आरोप लगे हैं। अब सबकी नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं कि क्या आरोपियों को जेल भेजा जाएगा या पुलिस को और पूछताछ का मौका मिलेगा।