नासिक क्राइम: महिला से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, परिवार की कार का 15 किमी तक पीछा कर हमला

Follow Us

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक परिवार पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ युवकों ने परिवार की कार का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया और डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, इगतपुरी क्षेत्र के भावली डैम और झरने के पास भगवत परिवार घूमने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों पर परिवार की महिला सदस्य के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगा। परिवार ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी देना शुरू कर दिया।

हालात बिगड़ने पर परिवार कार से वहां से निकल गया, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। पीड़ित परिवार के अनुसार, युवकों ने कई किलोमीटर तक कार का पीछा किया और रास्ते में रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। नासिक शहर और ग्रामीण पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।