मुंबई। नानी स्टारर ‘द पैराडाइज’ को सिनेमाघरों में आने से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से प्रमाणपत्र मिल गया है। फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया गया है, जिसके चलते इसे केवल वयस्क दर्शक ही थिएटर में देख सकेंगे। फिल्म की लंबाई करीब 2 घंटे 49 मिनट बताई गई है। रिलीज से पहले इसकी एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़ों में दर्शकों की रुचि नजर आ रही है।
फिल्म की ओपनिंग को लेकर सैकनिल्क के हवाले से करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान सामने आया है। तेलुगु वर्जन की प्री-बुकिंग से 35 लाख रुपये से अधिक की कमाई होने की जानकारी है। वहीं अमेरिका में फिल्म की एडवांस बुकिंग से लगभग 6.5 लाख डॉलर जुटाए जाने की बात कही गई है। बुकिंग पूरी तरह खुलने के बाद यह रकम 10 लाख डॉलर के पार जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी ‘द पैराडाइज’ का निर्माण एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले किया गया है। फिल्म 24 सितंबर 2026 को बड़े स्तर पर रिलीज होगी। इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में नानी के अलावा कई चर्चित कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
