जांजगीर-चांपा। नशे में धुत दूल्हे से मंडप में शादी करने से इनकार कर सुर्खियों में आईं मुस्कान प्रधान को अब परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य नियुक्त किया गया है। उन्होंने जांजगीर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अब मुस्कान प्रधान पारिवारिक विवादों के समाधान और जरूरतमंद परिवारों की काउंसलिंग में अहम भूमिका निभाएंगी। उनकी नियुक्ति पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर की गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार जिले में बढ़ते पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और काउंसलिंग व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
मुस्कान प्रधान उस समय चर्चा में आई थीं जब उन्होंने चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में शादी के मंडप में नशे में पहुंचे दूल्हे से विवाह करने से साफ इनकार कर दिया था। उनका यह फैसला उस समय सामाजिक चर्चा का विषय बन गया था और इसे आत्मसम्मान तथा महिला सशक्तिकरण का उदाहरण माना गया था। इस घटना के बाद जिलेभर में उनके साहस की सराहना की गई थी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने भी उनके निर्णय और आत्मसम्मान की भावना को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया था।
अब पुलिस विभाग ने उनके सामाजिक दृष्टिकोण और साहसिक निर्णय को देखते हुए उन्हें परिवार परामर्श केंद्र में जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकारियों का मानना है कि वे अपने अनुभव और संवेदनशीलता के आधार पर पारिवारिक विवादों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। परामर्श केंद्र में उनकी भूमिका ऐसे मामलों में काउंसलिंग करने की होगी, जहां पारिवारिक विवाद, वैवाहिक समस्याएं और रिश्तों में तनाव के कारण लोग समाधान की तलाश में आते हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार यह नियुक्ति समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। इससे अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे अपने अधिकारों और आत्मसम्मान के प्रति जागरूक रहें और सामाजिक जिम्मेदारियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मुस्कान प्रधान की यह नई भूमिका अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, और लोग इसे एक साहसिक कदम के बाद मिली नई जिम्मेदारी के रूप में देख रहे हैं।
