रायपुर। राजधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे टीम प्रहरी अभियान के तहत गुरुवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देवेंद्र नगर सेक्टर-3 में बिना अनुमति निर्मित तीन व्यावसायिक दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई जेसीबी मशीन की सहायता से नियमानुसार पूरी की गई।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता और नगर निगम जोन क्रमांक-2 के नगर निवेश विभाग ने यातायात पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाया।
जोन क्रमांक-2 के जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे और उप अभियंता श्रीमती अंजलि बारले की उपस्थिति में कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि आशीष पटेल द्वारा लगभग 450 वर्गफीट क्षेत्र में बिना अनुमति तीन व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया था। निर्माणकर्ता को पूर्व में नोटिस जारी कर नियमानुसार जवाब देने का अवसर दिया गया था, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर अवैध निर्माण को जेसीबी से हटाया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति किए गए निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और भवन निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।
