मुंगेली। जिले के छोटे से गांव पलानसरी के युवा गुरुदयाल जांगड़े ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। साधारण परिवार से आने वाले गुरुदयाल की इस सफलता ने जिलेभर के युवाओं को नई प्रेरणा दी है। गुरुदयाल की उपलब्धि पर विधायक पुन्नूलाल मोहले कलेक्टर कुंदन कुमार और डीएफओ अभिनव कुमार उनके घर पहुंचे। सभी ने मिठाई खिलाकर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी। गुरुदयाल, ग्राम पलानसरी निवासी सचिव काशीराम जांगड़े के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत और धैर्य के दम पर यह मुकाम हासिल किया।

इस मौके पर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने गांव के विकास कार्यों के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि, ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि है और इससे दूसरे युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि, गुरुदयाल की सफलता यह साबित करती है कि, मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं डीएफओ अभिनव कुमार ने इसे समाज और पर्यावरण सेवा की बड़ी जिम्मेदारी बताया। गुरुदयाल ने बताया कि, छह प्रयासों और कई असफलताओं के बाद उन्हें यह सफलता मिली। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि, गलतियों से सीखते हुए लगातार प्रयास करते रहना ही सफलता की असली कुंजी है।

