Korba में यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी पर सांसद Jyotsna Mahant ने जताई चिंता, GM और DRM को लिखा पत्र

Follow Us

कोरबा। कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कोरबा-रायपुर और रायपुर-कोरबा के बीच संचालित यात्री ट्रेनों में लगातार हो रही लेटलतीफी को गंभीरता से लेते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर को पत्र लिखा है। सांसद ने समस्या का शीघ्र निराकरण करते हुए ट्रेनों का समयपालन सुनिश्चित करने की मांग की है। सांसद ने अपने पत्र में विशेष रूप से चांपा-बिलासपुर रेलखंड के बीच ट्रेनों के अनावश्यक विलंब का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोरबा से रायपुर और रायपुर से कोरबा के बीच यात्रा करने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यवसायी, मरीज और अन्य यात्रियों के लिए समय पर गंतव्य तक पहुंचना बेहद जरूरी है।


Read more :- डिंडौरी पंचायत में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी, पंचों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन


उन्होंने कहा कि कई अवसरों पर ट्रेनें निर्धारित समय के आसपास अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना होने के बावजूद चांपा और बिलासपुर के बीच अत्यधिक विलंबित हो जाती हैं। इसके कारण यात्रियों को कार्यालय, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, व्यवसाय और अन्य जरूरी कार्यों में पहुंचने में कठिनाई होती है। सांसद ने रेलवे प्रशासन से हसदेव एक्सप्रेस, शिवनाथ एक्सप्रेस, कोरबा-रायपुर-रायपुर-कोरबा मेमू सहित अन्य यात्री ट्रेनों के समयपालन की विशेष समीक्षा करने की मांग की है। उन्होंने चांपा-बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों के विलंब के वास्तविक कारणों की जांच, अनावश्यक ठहराव पर रोक और यात्री ट्रेनों के निर्धारित समय पर संचालन की मांग की है।


Read more :- Sarvamangala Temple में 121 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक रुद्राभिषेक, भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर


सांसद ने रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन की विशेष मॉनिटरिंग करने और लगातार हो रही देरी का कारणवार विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही है। निर्माण, रखरखाव या परिचालन संबंधी कार्यों के कारण यदि ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं तो यात्रियों को इसकी पूर्व सूचना देने की भी मांग की गई है। ज्योत्सना चरणदास महंत ने कहा कि कोरबा क्षेत्र के लिए रेल सेवा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि लाखों लोगों की दैनिक जरूरत और जीवनरेखा है। इसलिए यात्री ट्रेनों के समयपालन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने रेलवे प्रशासन से चांपा-बिलासपुर रेलखंड में हो रही लेटलतीफी की समस्या का स्थायी समाधान कर यात्रियों को राहत देने की अपेक्षा की है।