छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, चार दिनों तक बारिश के आसार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश बढ़ने का अनुमान जताया है। खासकर उत्तरी जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। मंगलवार को भी राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश हुई। बिलासपुर जिले के बोदरी में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस सीजन में प्रदेश में अब तक सामान्य के मुकाबले करीब 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मंगलवार को बारिश के कारण कई इलाकों के तापमान में भी बदलाव देखने को मिला। जगदलपुर और दुर्ग में दिन का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रा में रात का तापमान सबसे कम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा।


Read more:- कोलकाता के चर्चित आरजी-कर केस में नया ट्विस्ट, अंतिम संस्कार पर उठे सवाल


रायपुर में बुधवार को मौसम मुख्य रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बोदरी में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई। बिलासपुर, सकरी और पथरिया में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कुमरदा, दुलदुला, मरीं बंगला देवरी, गोबरा नवापारा और तखतपुर में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। बैकुंठपुर, डोंडीलोहारा, बिल्हा, लालपुर थाना, कोटा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। कई अन्य स्थानों पर 1 से 2 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका राजस्थान से लेकर मध्य भारत और झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके असर से इसी क्षेत्र में नया निम्न दबाव क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। मौसम प्रणाली के मजबूत होने पर छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां आने वाले दिनों में और बढ़ सकती हैं।