रोम/इटली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे ने एक बार फिर वैश्विक सुर्खियां बटोर ली हैं। रोम पहुंचते ही इटली की प्रधानमंत्री गार्गिया मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ एक नई सेल्फी साझा की, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। मेलोनी ने एक्स पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!” इसके बाद # मेलोनी सोशल मीडिया पर फिर ट्रेंड करने लगा। प्रधानमंत्री मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने किया। इसके बाद रोम में होटल पहुंचने पर भारतीय और इटालियन संस्कृति से जुड़े विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसने माहौल को खास बना दिया।
इस दौरे को भारत और इटली के संबंधों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। पीएम मोदी इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला और प्रधानमंत्री मेलोनी से द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। गौरतलब है कि, मोदी और मेलोनी की दोस्ताना केमिस्ट्री पहले भी चर्चा में रही है। इससे पहले COP28 और G7 शिखर सम्मेलन 2024 के दौरान दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।
