भूपेश बघेल के साथ टाटामारी पहुंचीं विधायक सावित्री मंडावी, गांड़ा समाज के गौरव दिवस समारोह में हुईं शामिल

Follow Us

o बुढ़ादेव महोत्सव एवं गांड़ा गौरव दिवस में शामिल हुईं विधायक सावित्री मंडावी, समाज की एकता और सांस्कृतिक विरासत को बताया पहचान
o शिक्षा, सामाजिक एकता और संस्कृति से ही मजबूत होगा समाज का भविष्य : विधायक सावित्री मंडावी
o बुढ़ादेव महोत्सव एवं गांड़ा गौरव दिवस में विधायक सावित्री मंडावी ने की शिरकत, समाज को दिया एकजुटता का संदेश
o पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ टाटामारी (केशकाल) में आयोजित भव्य समारोह में हुईं शामिल, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का किया आह्वान

कांकेर/दुर्गूकोंदल। बुढ़ादेव महोत्सव एवं गांड़ा गौरव दिवस के अवसर पर टाटामारी (केशकाल) में भव्य सामाजिक समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय आयोजन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुईं। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ भागीदारी निभाई। समारोह के माध्यम से समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने उपस्थित सामाजिक पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं समाज के लोगों को संबोधित करते हुए बुढ़ादेव महोत्सव एवं गांड़ा गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज और सामाजिक एकता में निहित होती है। अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को खेलों से जोड़ना हमारी प्राथमिकता – अश्वनी शर्मा

विधायक मंडावी ने समाज के विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए समाज सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से आगे बढ़ सकता है। समाज के प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। विशेषकर युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना होगा, ताकि वे समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

उन्होंने सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए सभी लोगों का एकजुट होकर प्रयास करना आवश्यक है। सामाजिक कुरीतियों, अशिक्षा और पिछड़ेपन को दूर करने के लिए सामूहिक पहल करनी होगी। समाज के वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा मिलकर विकास की नई दिशा तय कर सकते हैं। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। समारोह में सामाजिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाज के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। आयोजन स्थल पर सामाजिक गौरव, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण देखने को मिला।

साय कैबिनेट के अहम फैसले: गांवों में पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत, अबूझमाड़ में खुलेगा शिक्षा का नया रास्ता

बुढ़ादेव महोत्सव एवं गांड़ा गौरव दिवस का यह आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज की पहचान, इतिहास, परंपरा और भविष्य की दिशा पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर भी बना। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक एकता के साथ आगे बढ़ने का संकल्प व्यक्त किया। समारोह का मुख्य संदेश यही रहा कि अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहकर ही समाज मजबूत बन सकता है। शिक्षा, जागरूकता, संगठन और एकजुटता के माध्यम से समाज को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।