खेत में मिली लापता महिला की लाश: 4 दिन बाद मिला सड़ा-गला शव, इलाके में फैली दहशत

Follow Us

धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरौद गांव में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक खेत में महिला की सड़ी-गली लाश देखी। शव मिलने की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस की टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। शव की शिनाख्त भैंसबोड़ निवासी पर्वत बाई साहू के रूप में की गई है। परिजनों के मुताबिक, महिला पिछले चार दिनों से रहस्यमयी ढंग से लापता थी। परिवार वाले अपने स्तर पर उसकी हर जगह तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। मंगलवार को उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस के अनुसार, शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था, जिससे शुरुआती तौर पर मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका मानसिक रूप से कमजोर थी। हालांकि, महिला की मौत सामान्य हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई सोची-समझी साजिश (हत्या) है, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। कुरूद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और फोरेंसिक इनपुट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मृतका के कॉल रिकॉर्ड्स, आखिरी बार उसे देखे जाने वाले स्थान और संदिग्धों से पूछताछ कर हर एंगल से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।