बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ का जलवा, 6 दिन में 137 करोड़ से ज्यादा कमाई; 150 करोड़ के करीब

Follow Us

मुंबई। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और रवि किशन स्टारर ‘मिर्जापुर द मूवी’ सिनेमाघरों में लगातार दर्शकों को आकर्षित कर रही है। फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दिनों में ही अपनी लागत वसूल कर ली थी और अब मुनाफे की तरफ बढ़ रही है। खास बात यह है कि कामकाजी दिनों में भी फिल्म की कमाई में ज्यादा गिरावट नहीं आई है।

फिल्म ने 4 सितंबर को रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की। पहले दिन 25.75 करोड़ रुपये कमाने के बाद दूसरे दिन 32 करोड़ और तीसरे दिन 36 करोड़ रुपये का कारोबार किया। चौथे दिन फिल्म ने 16 करोड़ रुपये, जबकि पांचवें दिन 15.60 करोड़ रुपये जुटाए। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक छठे दिन यानी बुधवार को फिल्म ने करीब 11.80 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 137.15 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म अब 150 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने से करीब 13 करोड़ रुपये दूर है। मौजूदा कमाई की रफ्तार को देखते हुए इसके सातवें दिन यह आंकड़ा पार करने की संभावना जताई जा रही है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने अब तक ‘कॉकटेल 2’ के 104.53 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा फिल्म ने ‘वेलकम टू द जंगल’ के 134.11 करोड़ रुपये के कुल कारोबार को भी पार कर लिया है।

137.15 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गई है। ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज की कहानी से जुड़ी इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म हिंदी और तेलुगु में रिलीज हुई है और इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, अभिषेक बनर्जी, रवि किशन, जितेंद्र कुमार, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर और श्वेता त्रिपाठी अहम भूमिकाओं में हैं। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने इसका निर्माण किया है, जबकि अमेजन एमजीएम स्टूडियोज भी निर्माण से जुड़ा है।