कवर्धा में एसपी जितेन्द्र यादव ने ली जनरल परेड की सलामी, वाहनों का भी किया निरीक्षण

Follow Us

कवर्धा। कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने शुक्रवार सुबह न्यू पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित जनरल परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की वर्दी, टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का जायजा लिया। बेहतर टर्नआउट के साथ परेड में शामिल होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

कबीरधाम पुलिस में अनुशासन, फिटनेस, सतर्कता और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जनरल परेड कराई जाती है। शुक्रवार सुबह 6 बजे हुई परेड में एसपी ने जवानों को निर्धारित मानकों के अनुसार वर्दी पहनकर और बेहतर टर्नआउट के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहचान उसकी वर्दी, अनुशासन और पेशेवर व्यवहार से होती है। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी का व्यक्तित्व आम लोगों के बीच विभाग की छवि को प्रभावित करता है, इसलिए समय की पाबंदी और कर्तव्य के प्रति गंभीरता बनाए रखना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान जिन कर्मचारियों का टर्नआउट निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिला, उन्हें आगे से पूरी तैयारी के साथ परेड में शामिल होने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और हर समय ड्यूटी के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।

परेड समाप्त होने के बाद एसपी यादव ने शासकीय पुलिस वाहनों की भी जांच की। उन्होंने वाहनों की साफ-सफाई, रखरखाव, तकनीकी स्थिति और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता देखी। वाहन शाखा प्रभारी एमटीओ को सभी सरकारी वाहनों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, एसडीओपी अखिलेश कौशिक, डीएसपी अंजू कुमारी, एसडीओपी प्रशांत देवांगन, एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय सहित थाना-चौकी प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।