रायपुर। छत्तीसगढ़ के आवास एवं पर्यावरण विभाग के अंतर्गत टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (T&C) विभाग में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। राज्य गठन के बाद पहली बार सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर नियमित भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा 5 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा और 12 मई 2026 को साक्षात्कार आयोजित करने के बाद यह चयन सूची घोषित की गई।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के शहरी विकास के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन युवा और प्रशिक्षित अधिकारियों के आने से छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों के नियोजित विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे को नई गति मिलेगी।
