रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास के बड़े पुत्र और मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनके पार्टी में शामिल होने के बाद प्रदेश की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। ढाल दास का कांग्रेस में प्रवेश पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुआ। इस मौके पर भूपेश बघेल ने उन्हें कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया और सदस्यता दिलाई।
ढाल दास के कांग्रेस में आने को सतनामी समाज और परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुरु बालदास का समाज में प्रभाव रहा है, ऐसे में उनके बड़े पुत्र के कांग्रेस से जुड़ने को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं, इस घटनाक्रम की खास बात यह है कि ढाल दास के छोटे भाई खुशवंत साहब भाजपा सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में एक ही परिवार के दो वरिष्ठ सदस्यों के अलग-अलग राजनीतिक दलों में होने से इसके संभावित राजनीतिक प्रभाव को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
