दिल्ली में रविवार को सुबह 6 बजे से दौड़ेगी मेट्रो, छात्रों और यात्रियों को मिलेगी राहत

Follow Us

नई दिल्ली। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के चलते दिल्ली में लागू ट्रैफिक पाबंदियों के बीच छात्रों और आम यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। रविवार, 13 सितंबर को दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सेवाएं सुबह 6 बजे से शुरू होंगी।DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा देने जा रहे छात्रों और आम जनता की सुचारू एवं समय पर आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मेट्रो के अतिरिक्त समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

BRICS सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
18वां BRICS शिखर सम्मेलन इस बार नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई प्रमुख स्थानों पर आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रहेगी।अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान को शुक्रवार से रविवार तक आगंतुकों के लिए बंद रखा गया है। शनिवार को राष्ट्रपति भवन परिसर में होने वाली ‘चेंज ऑफ गार्ड’ सेरेमनी भी नहीं होगी।

ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्तों पर आवाजाही नियंत्रित
BRICS सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत शुक्रवार को दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक ट्रैफिक को डायवर्ट और नियंत्रित किया जाएगा।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं और अतिरिक्त समय लेकर चलें। यात्रियों को निजी वाहनों की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
दिल्ली पुलिस के अनुसार, डायवर्जन के दौरान आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी गाड़ियों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। यात्रियों से निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करने और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

11 सितंबर को दिल्ली में छुट्टी
BRICS सम्मेलन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने 11 सितंबर को अपने कार्यालयों में अवकाश घोषित किया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने भी केंद्र सरकार के कार्यालयों के लिए उस दिन छुट्टी का आधिकारिक सर्कुलर जारी किया है।ऐसे में रविवार को मेट्रो सेवा सुबह 6 बजे से शुरू करने के DMRC के फैसले से परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी ट्रैफिक प्रतिबंधों के बीच आवाजाही में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।