राज्यपाल रमेन डेका से कामधेनु विश्वविद्यालय के सदस्यों की मुलाकात, कोसली गोवंश के संरक्षण पर चर्चा

Follow Us

रायपुर। लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग की कार्य परिषद के सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान सदस्यों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और गोवंश संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी राज्यपाल को दी। बैठक में छत्तीसगढ़ के स्थानीय देशी गोवंश ‘कोसली’ के संरक्षण, संवर्धन और नस्ल की पहचान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

कार्य परिषद के सदस्यों ने बताया कि देश के कई राज्यों में स्थानीय और देशी गोवंश की नस्लों को संरक्षित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ के विशिष्ट देशी गोवंश ‘कोसली’ के संरक्षण और विकास के लिए प्रभावी पहल किए जाने की जरूरत बताई गई। राज्यपाल रमेन डेका ने इस विषय को महत्वपूर्ण बताते हुए कोसली गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि स्थानीय गोवंश की नस्लों को संरक्षित करना जैव विविधता के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पारंपरिक पशुपालन से भी जुड़ा विषय है। मुलाकात के दौरान कार्य परिषद के सदस्य सुबोध राठी, डॉ. किरण बघेल, डॉ. भूभारती साहू और डॉ. रिपू सुदन राठौर मौजूद रहे।