अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो जगहों से 23.5 लीटर शराब जब्त

Follow Us

रायगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में 22 अगस्त को धनागर और बिछीनारा में दबिश देकर कुल 23.5 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। आबकारी टीम को धनागर में अवैध महुआ शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने ग्राम धनागर में कार्रवाई करते हुए 30 वर्षीय निराकार उरांव के कब्जे से 8 लीटर महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1,600 रुपये बताई गई है।

ब्लू वॉटर में डूबे आदिल खान का 77 घंटे बाद मिला शव, तीन दिन से चल रहा था सर्च ऑपरेशन

वहीं आबकारी वृत्त घरघोड़ा की टीम ने ग्राम बिछीनारा में कार्रवाई कर 38 वर्षीय संतोष कुमार टिग्गा के कब्जे से 15.5 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब बरामद की। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3,100 रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में आबकारी विभाग ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक रागिनी पटेल, अंकित अग्रवाल सहित विभागीय कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।