कानपुर में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहला रूमा औद्योगिक क्षेत्र

Follow Us

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा औद्योगिक क्षेत्र स्थित निकोलस पिगमेंट्स एंड इंकस की केमिकल फैक्ट्री में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री में रखे केमिकल के ड्रम एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। विस्फोटों की आवाज से पूरा औद्योगिक क्षेत्र दहल उठा और करीब एक किलोमीटर दूर तक आग की ऊंची लपटें तथा धुएं का गुबार दिखाई दिया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे संभवत: शार्ट सर्किट से यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि उस समय फैक्ट्री में कर्मचारियों की शिफ्ट समाप्त हो चुकी थी और अधिकांश कर्मचारी वहां से जा चुके थे। इस कारण किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

पुतिन एपीईसी शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पहुंचे चीन 

आग की भयावहता और लगातार हो रहे विस्फोटों को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों तथा क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के पीछे स्थित केआईटी कॉलेज के हॉस्टल को भी खाली करा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में जाजमऊ, मीरपुर, किदवई नगर, कर्नलगंज और फजलगंज समेत विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए जिले के अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां लगाई गईं। राहत एवं बचाव कार्य में एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें भी जुटीं। लगातार विस्फोट होने के कारण दमकलकर्मियों को फैक्ट्री के भीतर पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में दमकल की 10 अग्निशमन यूनिटों ने आग को चारों तरफ से घेरकर नियंत्रित कर लिया।

आदिवासी गौरव के बहाने सियासी दांव- संजीव वर्मा

आग की चपेट में आकर केमिकल के 20 से अधिक ड्रमों में विस्फोट होने से करीब 100 फीट ऊंची लपटें उठीं। केमिकल से निकली तीव्र दुर्गंध और धुएं के कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत हुई। एहतियातन करीब एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों और आसपास की औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रारंभिक रिपोर्टों में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है, हालांकि पुलिस सूत्रों ने केमिकल की शिफ्टिंग के दौरान हादसे की आशंका भी जताई है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।