मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मंजरी फडनीस ने अपनी हाउसिंग सोसाइटी के कम्युनिटी डॉग ‘माइकी’ की कथित हत्या पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर माइकी को न्याय दिलाने की बात कही है। मंजरी के अनुसार, माइकी वर्ष 2019 से उनकी सोसाइटी में रह रहा था और वहां के कई परिवारों का प्रिय था। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने बताया है कि बेसमेंट में सो रहे माइकी पर किसी ने डंडे या लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने पोस्ट में मंजरी ने लिखा कि इस घटना के बाद सोसाइटी के कई लोग सदमे में हैं और दोषियों तक पहुंचने के लिए लगातार सबूत जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक वे और सोसाइटी के अन्य निवासी चैन से नहीं बैठेंगे।

अभिनेत्री ने भावुक शब्दों में माइकी को याद करते हुए कहा कि कुछ लोगों को लगा होगा कि एक आवारा कुत्ते के गायब होने से किसी को फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन माइकी सोसाइटी के कई परिवारों का हिस्सा था और सभी उससे बेहद प्यार करते थे। मंजरी ने यह भी भरोसा दिलाया कि वे मामले की सच्चाई सामने लाने और सोसाइटी के अन्य जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।
