नई दिल्ली। कोलगेट-पामोलिव इंडिया ने कंपनी के शीर्ष प्रबंधन में बड़ा बदलाव किया है। निदेशक मंडल ने मनीष आनंदानी को नया प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त करने की मंजूरी दी है। आनंदानी 28 सितंबर 2026 से पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए जिम्मेदारी संभालेंगे। आनंदानी मौजूदा प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रभा नरसिम्हन का स्थान लेंगे। कंपनी के साथ उनका पुराना संबंध रहा है। वह 2005 से 2018 तक कोलगेट-पामोलिव से जुड़े रहे और कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई।
करीब तीन दशक के कारोबारी और विपणन अनुभव वाले आनंदानी ने जॉनसन एंड जॉनसन, केनव्यू इंडिया और पेप्सी जैसी प्रमुख कंपनियों में भी वरिष्ठ पदों पर काम किया है। उन्हें कारोबार विस्तार, डिजिटल बदलाव, रणनीति निर्माण और नए बाजार विकसित करने का व्यापक अनुभव है। प्रभा नरसिम्हन का मौजूदा कार्यकाल 27 सितंबर 2026 को समाप्त होगा। इसके बाद उन्हें कंपनी के एशिया-प्रशांत क्षेत्र में विपणन की वैश्विक जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कंपनी में यह नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय हुआ है, जब उपभोक्ता उत्पाद क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है और कंपनियां डिजिटल विस्तार तथा नए बाजारों पर तेजी से ध्यान दे रही हैं।
शेयर बाजार में फिर बहार: सेंसेक्स 163 अंक उछला, निफ्टी भी मजबूत
