मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 163 अंक चढ़कर 77,701 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 52 अंक की तेजी के साथ 24,284 के करीब रहा। हालांकि, वैश्विक बाजारों से मिल रहे मिश्रित संकेतों के कारण निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है। पिछले सत्र में सात दिनों की गिरावट का सिलसिला टूटने के बाद घरेलू बाजार को कुछ राहत मिली है।
क्षेत्रीय सूचकांकों में रियल्टी और धातु शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जबकि आईटी क्षेत्र पर दबाव रहा। बाजार की नजर अब कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक बॉन्ड यील्ड पर है। पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। ऊंची तेल कीमतों से भारत के महंगाई और आयात बिल पर दबाव पड़ सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, घरेलू संस्थागत निवेश से बाजार को सहारा मिल रहा है, लेकिन वैश्विक अनिश्चितता के बीच आगे की तेजी टिकाऊ होगी या नहीं, इस पर नजर रहेगी।
