मालवीय नगर अग्निकांड: पुलिस ने होटल के कुक को किया गिरफ्तार, 21 मौतों के पीछे लापरवाही का बड़ा खुलासा

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल के कुक केशव नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस भीषण आग के पीछे कुक की बड़ी लापरवाही थी। इसके साथ ही जांच अधिकारियों को इमारत में फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा बुनियादी ढांचे में गंभीर कमियां मिली हैं। इस मामले में होटल मालिक लवकेश बजाज समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।

इस दर्दनाक हादसे में 12 विदेशी नागरिकों सहित कुल 21 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 47 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। फिलहाल साकेत के मैक्स अस्पताल में 15 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें 13 विदेशी शामिल हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

शुरुआती जांच के अनुसार, बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपर की 5 मंजिलों में फैली इस भीषण आग की वजह रेस्टोरेंट की इंटरनल वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होना था। सूत्रों ने साफ किया है कि होटल के बेसमेंट और टॉप फ्लोर पर बने दोनों किचन में एलपीजी सिलेंडर सुरक्षित थे और उनमें कोई विस्फोट नहीं हुआ था। फिलहाल पुलिस अन्य हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।