दिल्ली- गाजियाबाद में पुलिस की ताबड़तोड़ मुठभेड़: पैर में गोली लगने से 3 बदमाश घायल, 4 दबोचे

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली के पुष्प विहार और गाजियाबाद के लोनी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुष्प विहार में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके एक अन्य साथी को मौके से ही दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, ये तीनों अपराधी प्रिंस तेवतिया गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और लाडो सराय में रंगदारी के लिए हुई फायरिंग के मामले में फरार चल रहे थे। स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने जब इन्हें घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस पर करीब 6 राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, जिससे उनकी जान बच गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ राका, सोनू उर्फ अड्डू और पाचन भारत के रूप में हुई है।

दूसरी तरफ, गाजियाबाद की लोनी पुलिस ने भी एक मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश गौरव को गिरफ्तार किया है। गौरव पर ओन्कार सिंह के अपहरण का आरोप था। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, तो उसने फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई गोलीबारी में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।