कबीरधाम में मलेरिया का कहर, तीन मौतों का दावा; 70 से अधिक ग्रामीण संक्रमित

Follow Us

कवर्धा। कांकेर के बाद अब कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में भी मलेरिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। बोड़ला विकासखंड के झलमला सेक्टर के 8 से 10 गांव संक्रमण की चपेट में हैं। ग्रामीणों का दावा है कि अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 70 से 80 से अधिक लोग मलेरिया से संक्रमित पाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, झलमला सेक्टर में 17 जुलाई के बाद मलेरिया के मरीज मिलने शुरू हुए थे। शुरुआती दौर में बीमारी की गंभीरता को लेकर पर्याप्त जांच, मच्छर नियंत्रण और रोकथाम के उपाय नहीं किए गए, जिससे संक्रमण तेजी से फैल गया। वर्तमान में मुडवाही, सोनवाही, जामुनपानी, सरेंडा, बोदलपानी, समनापुर, झलमला और बहनाखोदरा सहित कई गांव प्रभावित हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, मुडवाही निवासी शुकवारिन बैगा (50) की 21 जुलाई, 11 वर्षीय जगदीश ध्रुवे की 24 जुलाई तथा जामुनपानी निवासी 19 वर्षीय नरेश गोंड की उपचार के दौरान झलमला स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बीमारी की गंभीरता को समय रहते नहीं समझा गया, जिसके कारण हालात लगातार बिगड़ते गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग प्रभावित गांवों में जांच और नियंत्रण अभियान तेज करने में जुटा है।