तालाब में मिला युवती का शव, लखना गांव में फैली सनसनी, हत्या की आशंका से पुलिस जांच में जुटी

Follow Us

अभनपुर। छत्तीसगढ़ के अभनपुर क्षेत्र के लखना गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बीच स्थित तालाब में एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह कुछ लोगों ने तालाब में शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है। शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवती की हत्या के बाद शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। साथ ही पुलिस युवती की पहचान करने और घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल लखना गांव में इस घटना को लेकर चिंता और भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।