ऑपरेशन बाज’ की बड़ी सफलता: चोरी के दो मामलों का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, नकदी और मोटर पंप बरामद

Follow Us

कपड़ा दुकान से लाखों रुपये उड़ाने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, खेत से सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी करने वाले तीन आरोपी भी पुलिस के शिकंजे में

मुंगेली। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना चिल्फी पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, सबमर्सिबल मोटर पंप और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पहले मामले में रंगियापारा निवासी लखन साहू की कपड़ा दुकान के गल्ले से लगातार रुपये चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुकान में पिछले चार वर्षों से कार्यरत कर्मचारी दुर्गेश साहू (26) की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग समय पर दुकान के गल्ले से करीब 1.5 से 2 लाख रुपये चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से 60 हजार रुपये नकद बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

दूसरे मामले में गैलूगांव निवासी संजय बघेल के खेत से सीआरआई कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर भूपेन्द्र दिवाकर (24), संजय बंजारे (30) और महेन्द्र दिवाकर (24) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 20 हजार रुपये कीमत का मोटर पंप और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी (लोरमी) माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चंद्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने कहा कि ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत जिले में चोरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।