NEET-UG 2026 पेपर लीक केस में बड़ा खुलासा: मास्टरमाइंड समेत 2 आरोपी 10 दिन की सीबीआई रिमांड पर

Follow Us

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी और उसकी सहयोगी मनीषा वाघमारे को अदालत में पेश किया। राउज एवेन्यू कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 10 दिनों की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश की अदालत में दोनों आरोपियों की 14 दिन की कस्टडी की मांग की थी। एजेंसी का कहना था कि, आरोपी एक-दूसरे के लगातार संपर्क में थे और देशभर में फैले पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। सुनवाई के बाद कोर्ट ने शाम को फैसला सुनाते हुए 10 दिन की हिरासत मंजूर कर ली।

जांच एजेंसी के मुताबिक पीवी कुलकर्णी पेशे से केमिस्ट्री प्रोफेसर है और उसे इस पूरे पेपर लीक कांड का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। CBI ने उसे और मनीषा वाघमारे को पुणे से गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने दावा किया कि, दोनों अन्य आरोपियों के साथ मिलकर परीक्षा से जुड़े गोपनीय प्रश्नपत्र लीक करने की साजिश में शामिल थे। CBI ने अदालत को बताया कि मामले की जांच अभी कई राज्यों तक फैली हुई है और आरोपियों से पूछताछ के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना जरूरी है। वहीं बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी प्रक्रिया पर सवाल उठाए, लेकिन एजेंसी ने सभी आरोपों को खारिज कर कार्रवाई को कानूनी बताया। अब CBI दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक नेटवर्क के बड़े खुलासे की तैयारी में जुटी है।