ईडी की बड़ी कार्रवाई: फरार पूर्व DCP शांतनु बिस्वास गिरफ्तार, लुकआउट नोटिस के बाद दबोचा गया

Follow Us

कोलकाता। चर्चित ‘सोना पप्पू’ जमीन कब्जा और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता के पूर्व DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। जांच एजेंसी को आशंका थी कि, वे देश छोड़कर फरार हो सकते हैं। ईडी के मुताबिक शांतनु बिस्वास को कई बार पूछताछ के लिए समन भेजा गया, लेकिन वे जांच में शामिल नहीं हुए। इसके बाद एजेंसी ने उनके खिलाफ निगरानी बढ़ाते हुए सुरक्षा निदेशालय से उनकी तैनाती और वर्तमान स्थिति की जानकारी भी मांगी थी।

हाल ही में ईडी ने उनके घर और कई ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि, पूर्व पुलिस अधिकारी ने निष्पक्ष अधिकारी की बजाय राजनीतिक कार्यकर्ता की तरह काम किया। उन पर जमीन कब्जा, रंगदारी वसूली और अवैध वित्तीय लेन-देन से जुड़े गंभीर आरोप हैं। मामले में बालू तस्करी और संदिग्ध पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है। यह पूरा मामला कथित अपराधी ‘सोना पप्पू’ से जुड़ा है, जिसने कंस्ट्रक्शन कारोबार की आड़ में जमीन कब्जाने और अपराध जगत में अपनी पकड़ मजबूत की थी। ईडी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एजेंसी ने शांतनु बिस्वास के परिजनों को भी पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है।