रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोलर पैनल लगाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो सोलर टेक्निशियन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को तीन टेक्निशियन एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से प्रमोद और आशीष गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
